राज्य
21-Apr-2026


* 400 पुलिस जवानों की मौजूदगी में अवैध कब्जे हटाए गए, ड्रोन से निगरानी और बिजली कनेक्शन भी काटे गए अहमदाबाद (ईएमएस)| जिले के धंधुका में धर्मेश गमारा की हत्या के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन सख्त कार्रवाई करते हुए नजर आ रहे हैं। हत्याकांड के आरोपियों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया है। डीवाईएसपी आस्था राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि धंधुका में बड़े पैमाने पर डिमोलिशन अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 400 पुलिसकर्मी, 3 डीवाईएसपी, 11 पीआई और 16-18 पीएसआई मौके पर तैनात रहे। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और ड्रोन सर्विलांस के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। यूजीवीसीएल के अधिकारी विद्यासागर ने बताया कि आरोपियों के घरों के आसपास अवैध कब्जों की पहचान की गई है। खाटकीवास क्षेत्र में चार अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। इसके अलावा धंधुका-बगोदरा रोड पर फ्लाईओवर से लेकर चार रास्ते तक फैले अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ आरोपियों ने अवैध बिजली कनेक्शन ले रखे थे, जिन्हें काट दिया गया है और इस संबंध में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सभी अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें। गौरतलब है कि धंधुका में बाइक ओवरटेक करने जैसी मामूली बात को लेकर धर्मेश गमारा नामक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें दो दिन की रिमांड पर भेजा गया है। सतीश/21 अप्रैल