अहमदाबाद (ईएमएस)। मुम्बई इंडिया के कप्तान हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच में तिलक वर्मा की शतकीय पारी से बेहद उत्साहित दिखे। इस मैच में मुम्बई की टीम को 200 रनों तक पहुंचाने में तिलक की पारी का सबसे बड़ा योगदान रहा। ऐसे में जैसे ही तिलक ने शतक पूरा किया पंड्या इस प्रकार से जश्न मनाने लगे जैसे कि उन्होंने स्वयं शतक लगाया हो, इससे प्रशंसक भी हैरान हो गये। ये जश्न इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि इससे पहले उन्होंने तिलक को फिटकार लगाते हुए कुछ टिप्स भी दी थी। इस मैच में तिलक जब बल्लेबाजी के लिए आये तो मुंबई इंडियंस बेहद खराब हालत में थी। टीम ने छह ओवर में ही तीन विकेट खो दिए थे। ऐसे में तिलक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अगले 23 गेंद में तो मैच का रुख बदल दिया। तिलक ने शुरुाआत में धीमी गति से रन बनाये पर पंड्या की टिप्स पर अमल करते हुए उन्होंने तेजी से शॉट लगाने शुरु कर दिये। वहीं पंड्या भी दूसरे छोर से उनका उत्साह बढ़ाते दिखे। तिलक ने इस मैच के साथ ही आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया। इससे मुंबई इंडियंस की टीम पांच विकेट पर 199 रनों तक पहुंचने में सफल रही। तिलक ने 45 गेंद में नाबाद 101 रन बनाये, जिसमें सात छक्के और आठ चौके शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 224.44 रहा। ईएमएस 21 अप्रैल 2026