क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस) ।। जिले में पिछले २४ घंटों के भीतर दो हृदयविदारक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो युवाओं की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पहली घटना फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में हुई जहाँ राजस्थान से आए एक युवक की सडक़ हादसे में मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना सिरसी क्षेत्र की है जहाँ एक युवा किसान करंट की चपेट में आने से अपनी जान गंवा बैठा। इन दोनों ही हादसों में दो परिवारों के मुखिया छिन गए हैं और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। राजस्थान से काम करने आ रहे हलवाइयों को अज्ञात वाहन ने कुचला मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से सटे फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ। राजस्थान के बारां जिले के कुंडी निवासी प्रकाश प्रजापति (२८) अपने साथी नेमीचंद के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर छबड़ा से फतेहगढ़ के पांचलबदा गांव आ रहे थे। ये दोनों हलवाईगिरी का काम करने के लिए निकले थे, लेकिन रात करीब १ बजे फतेहगढ़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रकाश प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेमीचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल गुना में भर्ती कराया गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। मंगलवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फसल सींचते समय करंट की चपेट में आया युवा किसान दूसरी घटना सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम गणेश खेड़ा की है। यहाँ अनिल बारेला (२५) नामक युवा किसान अपनी मूंग की फसल की सिंचाई करने खेत पर गया था। सिंचाई के दौरान खेत में पड़े बिजली के एक कटे हुए तार के संपर्क में आने से अनिल को जोरदार करंट लगा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जब काफी देर तक अनिल घर नहीं लौटा, तो परिजन उसे ढूंढते हुए खेत पर पहुँचे, जहाँ उसका शव पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अनिल अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को रोता-बिलखता छोड़ गया है।-सीताराम नाटानी