21-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की मेहनत, सतत् प्रयास एवं मॉनिटरिंग के एक बार फिर सुखद परिणाम सामने आए हैं। सी.एम. हेल्पलाइन के माध्यम से नगर निगम को प्राप्त अधिकांश शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर नगर निगम ने वेटेज स्कोर के आधार पर 98.95 प्रतिशत प्राप्त कर प्रदेश में जबलपुर नगर निगम ने छटवीं बार बाजी मारी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा कुल 3 हजार 79 शिकायतों में से लगभग 59.16 प्रतिशत शिकायतों का शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर उनकी संतुष्टि के उपरांत निराकरण कराया गया है। नगर निगम को इसके लिए मध्यप्रदेश शासन के द्वारा जारी ग्रेडिंग लिस्ट में प्रदेश में छटवीं बार प्रथम रैंक प्राप्त करते हुए ए ग्रेड प्राप्त किया है। इस प्रकार नगर निगम जबलपुर के द्वारा अधिकतम प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक एवं सकारात्मक निराकरण किया गया। निगमायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी और आगे भी इसी तरह से काम करने की प्रेरणा भी दी। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर पर प्रतिमाह नगर निगम के कार्यो की ग्रेडिंग जारी की जाती है। जिसके अंतर्गत माह मार्च 2026 की ग्रेडिंग जारी हुई है, जिसमें जबलपुर को ए ग्रेड और प्रदेश के सभी नगर निगमों में छटवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि सभी शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को सही दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन दिये गए, जिसके परिणाम स्वरूप नगर निगम जबलपुर द्वारा यह उपलब्धि हासिल की गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अब आगे भी इसी प्रकार रैंकिंग बनाए रखने की दिशा में टीम भावना से मेहनत करेगें। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की उनके द्वारा सतत एवं नियमित रूप से निगरानी की जाती है और टीम के सभी सदस्यों से संवाद स्थापित कर उन्हें शिकायतकर्ताओं के द्वार तक भेजा जाता है। अधिकारियों के द्वारा शिकायतकर्ताओं तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान किए जाने से शिकायतकर्ता भी संतुष्ट होते हैं और भी नगर निगम की कार्यप्रणाली लेकर उनका विश्वास भी निरन्तर मजबूत हो रहा है। उल्लेखनीय है कि जबलपुर में पदस्थापना के बाद से ही निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है जिसके परिणाम स्वरूप मात्र 7 माह की पदस्थापना की अवधि में छह बार सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में नगर निगम जबलपुर ने छठवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। - सुनील साहू / मोनिका / 21 अप्रैल 2026/ 01.29