अंतर्राष्ट्रीय
22-Apr-2026
...


-पूर्व सीआईए एनलिस्ट का दावा- जनरल डैन केन ने रोका, कहा-यह नफरत भरा कदम होगा वाशिंगटन,(ईएमएस)। ईरान युद्ध के दौरान डोनाल्ड ट्रंप को लेकर खबरें सामने आती रहती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक जब ईरान ने अमेरिकी विमानों को मार गिराया तब सिचुएशन रूम में काफी तनाव था। ट्रंप घटों तक अपने अधिकारियों पर चिल्लाते रहे। इसी बीच पूर्व सीआईए एनलिस्ट लैरी जॉनसन ने दावा किया कि डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर परमाणु हमला करने वाले थे लेकिन जनरल डैन केन ने उन्हें रोक दिया। डैन केन अमेरिकी सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ हैं। बता दें अमेरिका में न्यूक्लियर कोड इस्तेमाल करने का आदेश राष्ट्रपति देते हैं। इसके बाद सेना को परमाणु हमला करने की छूट मिल जाती है। रिपोर्ट के मुताबिक लैरी ने दावा किया कि यह बात मीटिंग के दौरान की। उन्होंने कहा कि शनिवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने एक इमर्जेंसी मीटिंग बुलाई थी। इस दौरान उन्होंने आपा खो दिया और ईरान पर परमाणु हमला करने को तैयार हो गए। हालांकि जनरल डैन केन ने इसका विरोध किया और कहा कि यह पूरी तरह से नफरत भरा कदम होगा। इसके बाद कुछ तस्वीरें सामने आईं जिनमें देखा जा सकता है कि केन सिर झुकाकर मीटिंग रूम से बाहर निकले। मीटिंग को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। इससे पहले गुरुवार को पीट हेगसेथ और जनरल डैन केन ने मिलकर एक प्रेस वार्ता की थी। इसके बाद से किसी मीटिंग को लेकर औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। जो भी दावा किया गया है वह केवल पूर्व सीआईए एनलिस्ट की ओर से ही किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप अपने ही साथियों पर बुरी तरह चिल्ला रहे थे। इसलिए उन्हें कुछ समय के लिए बाहर ले जाया गया क्योंकि सैन्य अधिकारियों का कहना था कि धीरज खो देना किसी भी रूप में सहायक नहीं हो सकता है। वहीं ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबफ ने कहा कि अमेरिका युद्ध में ईरान से आत्मसमर्पण चाहता है लेकिन तेहरान इसके विपरीत मैदान में नए पत्ते खोलने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने मंगलवार तड़के एक्स पर पोस्ट में कहा कि हम धमकियों के साये में बातचीत स्वीकार नहीं करते। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, उनके दामाद जैरेड कुशनर और दूत स्टीव विटकॉफ सोमवार को इस्लामाबाद जाएंगे जहां पाकिस्तानी अधिकारी वार्ता की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन ईरान ने अमेरिका के साथ दूसरे दौर की वार्ता के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई। सिराज/ईएमएस 22 अप्रैल 2026