गुना (ईएमएस) । शहर में हाल ही में हुए दो अलग-अलग चक्काजाम मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए हैं। एक मामला न्यायालय गेट हनुमान चौराहे का है, जहां एक युवक ने अपने भाई की जमानत नहीं होने से नाराज होकर परिवार के बच्चों और महिलाओं को आगे कर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी देते हुए सड़क जाम कर दी। वहीं दूसरा मामला भुल्लनपुरा क्षेत्र का है, जहां सीसी सड़क निर्माण से पहले अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से नाराज रहवासियों ने बजरंगगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। कैंट थाना क्षेत्र में पदस्थ सउनि गिर्राज जाटव द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 20 अप्रैल को हनुमान चौराहे पर चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां विजय रजक अपने साथियों के साथ सड़क पर बैठकर यातायात बाधित कर रहा था। पुलिस द्वारा समझाइश देने पर भी आरोपी नहीं माने और अपने परिजनों को आगे खड़ा कर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी देने लगे। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए सभी को थाने लाकर मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 126(2) के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, सिटी कोतवाली क्षेत्र में भुल्लनपुरा के पास सड़क निर्माण को लेकर करीब 25-30 लोगों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। सउनि महेश लडका की रिपोर्ट के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने करीब 40 से 45 मिनट तक रास्ता अवरुद्ध रखा, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खत्म हुआ, लेकिन मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 285, 189(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इनका कहना है जिले में जो भी चक्काजाम करते हैं उन पर लगातार एफआईआर की जा रही हैं। हाल में दो एफआईआर दर्ज की है। जिसमें एक सिटी कोतवाली एवं दूसरी कैंट थानांतर्गत की गई है। एक में एक व्यक्ति अपने बच्चों पर पेट्रोल डालकर सडक़ पर चक्काजाम किया था क्योंकि कोर्ट उसके भाई को जमानत नहीं दे रहा था। जिस पर कैंट थाने में मामला दर्ज हुआ था। एक अन्य मामला आया था जिसमें अतिक्रमण के विषय को लेकर कुछ लोगों ने चक्काजाम किया था। सभी को यह हिदायत दी जाती है कोई भी विषय हो, कोई समस्या है तो वह पुलिस के पास आए, उसका वैधानिक तरीके से समाधान निकाला जाएगा, चक्काजाम न करें।-हितिका वासल, एसपी गुना -सीताराम नाटानी