अंतर्राष्ट्रीय
22-Apr-2026
...


इंटरनेट पर मची खलबली, यूजर बोले-पहले निक पोप, फिर विलकॉक यह क्या हो रहा है? वाशिंगटन,(ईएमएस)। दुनिया भर में यूएफओ, एलियंस और पैरानॉर्मल दुनिया के रहस्यों को उजागर करने वाले लेखक और एंशिएंट एलियंस फेम डेविड विलकॉक की कथित रहस्यमयी मौत की खबर ने इंटरनेट पर खलबली मचा दी है। डेविड के निधन से उनके फैंस सदमे में हैं। दरअसल हाल ही में अमेरिकी सांसद अन्ना पॉलीना लूना ने एक्स पर डेविड विलकॉक के निधन की खबर शेयर की है। उन्होंने लिखा हमें अभी-अभी डेविड विलकॉक के दुखद निधन की खबर मिली है। हम उनके परिवार, प्रियजनों और उन लाखों लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं जिनके जीवन को उन्होंने प्रभावित किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोलोराडो के बोल्डर काउंटी में मौत की एक जांच के बाद से यह दावा किया जाने लगा कि मशहूर पैरानॉर्मल लेखक और स्ट्रीमर डेविड विलकॉक का निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर उनके निधन को लेकर कई पोस्ट किए गए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक विलकॉक के परिवार या उनके प्रतिनिधियों की ओर से उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर चल रहे इन दावों के बावजूद उनके दोस्तों या परिचितों का भी कोई बयान सामने नहीं आया है। हम इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर कई पोस्ट में बोल्डर के रिज रोड के पास हुई मौत की एक पुलिस जांच का लिंक शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति डेविड विलकॉक ही हैं। आधिकारिक पुष्टि न होने के बावजूद, लेखक के प्रशंसक इस खबर से काफी दुखी हैं। एक्स और फेसबुक पर कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए इस घटना को दुखद बताया है। एक यूजर ने लिखा कि डेविड विलकॉक के बारे में बहुत दुखद खबर है। उनके पास एक शानदार दिमाग था जो सामान्य स्तर से कहीं आगे था। भावपूर्ण श्रद्धांजलि। एक अन्य यूजर ने लिखा- पहले निक पोप, फिर डेविड विलकॉक? यह क्या हो रहा है? बता दें 1973 में जन्मे डेविड विलकॉक पैरानॉर्मल यानी अलौकिक घटनाओं और न्यू एज आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अपने काम के लिए विश्व स्तर पर जाने जाते हैं। डेविड विलकॉक ने अपना पूरा जीवन ब्रह्मांड के रहस्यों, चेतना के विकास और इस थ्योरी को साबित करने में लगा दिया कि प्राचीन काल में एलियंस का धरती पर आना-जाना था। उन्हें तब भारी प्रसिद्धि मिली जब उन्होंने एलियंस के साथ टेलीपैथिक संपर्क होने का दावा किया। साथ ही, वे खुद को मशहूर अमेरिकी भविष्यवक्ता एडगर केसी का पुनर्जन्म बताते हैं। उन्होंने यूएफओ को क्वांटम फिजिक्स और 2012 की भविष्यवाणियों से जोड़ने वाले कई सिद्धांतों को बढ़ावा दिया है। यहां तक कि उन्होंने लंबे समय तक यह भी दावा किया कि 9/11 के आतंकी हमलों में एलियंस का भी कोई कनेक्शन था। वे डिवाइन कॉसमॉस प्लेटफॉर्म के संस्थापक हैं और लोकप्रिय हिस्ट्री चैनल के कई शोज में नजर आ चुके हैं। डेविड विलकॉक की मौत ने एक और बड़े रहस्य की ओर ध्यान खींचा है। फैंस इस घटना को अन्य मशहूर पैरानॉर्मल विशेषज्ञों की हालिया मौतों से जोड़कर देख रहे हैं। चैरियट्स ऑफ द गॉड्स के लेखक और एंशिएंट एलियंस के चर्चित चेहरे एरिक वॉन डेनिकन का इसी साल जनवरी में निधन हुआ था। इसके अलावा, ब्रिटिश सरकार के यूएफओ प्रोजेक्ट को संभालने वाले मशहूर विशेषज्ञ निक पोप का भी इसी महीने निधन हुआ है। कुछ ही समय के अंदर यूएफओ और एलियंस पर रिसर्च करने वाले इन बड़े नामों के दुनिया से चले जाने को फैंस बेहद संदिग्ध मान रहे हैं। सिराज/ईएमएस 22अप्रैल26 ---------------------------------