22-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जीवित पैंगोलिन (स्थानीय नाम: साल-खपरी) बरामद किया है। यह दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव लगभग 20 किलो वजन का बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करोड़ों रुपए तक आंकी जाती है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए टीम ने करीब एक सप्ताह तक लगातार निगरानी और रणनीति के तहत प्रयास किए। इसके बाद मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बालाघाट और कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पैंगोलिन एक अत्यंत दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति है, जिसकी अवैध तस्करी वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस मामले के पीछे कोई संगठित तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल, वन विभाग पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटा हुआ है और मामले की गहन जांच जारी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 अप्रैल 2026