जबलपुर (ईएमएस)। मदनमहल थानांतर्गत कल देर रात मदनमहल स्टेशन के समीप व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते चार युवकों ने एक ब्राण्डेड चाय दुकान चलाने वाली महिला व उसके पुत्र के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने चाय दुकान में तोडफ़ोड़ की। आरोपियों ने समीप ही अमृततुल्य चाय दुकान में भी तोडफ़ोड़ कर वहां खड़ी गाडिय़ों को नाले में गिरा दिया। मदन महल पुलिस ने बताया कि बढ़ई मोहल्ला मदनमहल निवासी श्रीमती संजू उर्फ मेघा गुप्ता मदनमहल स्टेशन के समीप चाय दुकान चलाती है। कल रात लगभग 12.15 बजे मेघा गुप्ता दुकान बंद कर अपने बेटे के साथ घर जा रही थी। तभी बढ़ई मोहल्ला के सामने निक्की, किशन, शिवम चौधरी मिले। जो बोले कि तुम लोगों के दुकान चलाने से हम लोगों का धंधा नहीं चल रहा है। ऐसा कहते हुए सभी गालीगलौज करने लगे। मेघा के बेटे के विरोध करने पर तीनों ने अमन के साथ विवाद कर मारपीट की। डर के कारण मेघा व उसका बेटा अमन घर चला गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर पता चला कि चार लडक़ों ने दुकान के सामने रखी तंदूर भट्टी, बल्ब व अन्य चीजों में तोडफ़ोड़ की है। बाद में आरोपियों ने समीप ही अमृततुल्य व मनोहर चाय दुकान में तोडफ़ोड़ कर गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ कर उन्हें नाले में गिरा दिया। सुनील साहू / मोनिका / 27 अप्रैल 2026