- स्कूल में महीने भर में दूसरी चोरी, मोटर और पंखे ले उड़े बदमाश गुना (ईएमएस) । शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय घोसीपुरा (बाँसखेड़ी) में चोरों ने एक बार फिर आतंक मचाया है। रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने स्कूल के बाथरूम और कमरों के ताले तोडक़र हजारों रुपये की सामग्री पार कर दी। इस चोरी के कारण स्कूल में बच्चों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। छुट्टी के दिन मचाया तांडव, पानी की मोटर और प्यूरीफायर गायब मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल (रविवार) को जब स्कूल बंद था, तब अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में स्थित बाथरूम का ताला तोड़ दिया। बदमाश वहां से पानी की मोटर, वाटर प्यूरीफिकेशन मशीन और बिजली के कीमती तार चोरी कर ले गए। सोमवार को जब स्कूल स्टाफ पहुँचा, तो चोरी का पता चला। मोटर चोरी होने से स्कूल की टंकी खाली पड़ी है, जिससे तपती गर्मी में छात्र बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। महीने भर में दूसरी वारदात, पुलिस सुरक्षा पर सवाल हैरानी की बात यह है कि इसी स्कूल में ठीक एक महीने पहले भी बड़ी चोरी हुई थी। प्रधानाध्यापक द्वारा कैंट थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, बीती 16 मार्च को भी चोरों ने कमरों के ताले तोडक़र 5 पंखे और बिजली फिटिंग के तार चोरी कर लिए थे। एक महीने के भीतर एक ही सरकारी स्कूल में दो बार चोरी होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्कूल प्रबंधन ने इस बार भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर मौका मुआयना करने और सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। अधिकारियों को भी दी सूचना प्रधानाध्यापक ने चोरी की इस वारदात की जानकारी कैंट थाना प्रभारी के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी और विकास खंड शिक्षा अधिकारी को भी भेज दी है। - सीताराम नाटानी