क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


- कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक सम्पन्न लंबित राजस्व प्रकरणों में तेजी लाने, नारवाई जलाने पर सख्त कार्यवाही और योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को शीघ्र निराकरण कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन प्रकरणों की समीक्षा आगामी दिवस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी। कलेक्टर श्री वानखड़े ने नारवाई जलाने की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत राहत राशि के भुगतान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी जिला संयोजक को कडे शब्दों में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए तथा हितग्राहियों के केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। इस दौरान उन्होंने स्वगणना कार्य में भी प्रगति लाने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सम्बल योजना के अंतर्गत जनपद एवं नगरीय निकाय स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्व-गणना में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए, अन्यथा वेतन रोकने की कार्रवाई की चेतावनी दी। कलेक्टर ने बैठक में स्वामित्व योजना, आंगनवाड़ी से संबंधित दावे-आपत्ति प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें आगामी सप्ताह तक पूर्णतः निराकृत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों एवं 50 दिवस से अधिक लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री वानखड़े ने एएनसी पंजीकृत महिलाओं की समग्र आईडी निर्माण की प्रगति, अवमानना प्रकरणों की स्थिति तथा जीआईएस पोर्टल पर संसाधनों की प्रविष्टि की समीक्षा भी की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में किसी भी स्कूल भवन के जर्जर स्थिति में न होने संबंधी प्रमाणित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बैठक में नगर पालिका दतिया के सीएमओ एवं सब इंजीनियर की अनुपस्थिति पर कलेक्टर श्री वानखड़े ने कड़ा संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।