मुंबई, (ईएमएस)। दक्षिण मुंबई के जे.जे. मार्ग इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, चारों की मौत संभवतः फूड पॉइजनिंग के कारण हुई है, हालांकि मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35), बड़ी बेटी आयशा (16) और छोटी बेटी ज़ैनब (13) के रूप में हुई है। यह परिवार पायधूनी के घाटी गली स्थित मुगल बिल्डिंग में रहता था। मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात करीब 10.30 बजे परिवार ने अपने पांच रिश्तेदारों के साथ खाना खाया था। इसके बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए। बताया जा रहा है कि भोजन के बाद परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया था। अगली सुबह यानी 26 अप्रैल को तड़के करीब 5.30 से 6 बजे के बीच चारों को उल्टी, दस्त, चक्कर और पेट दर्द जैसी गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर पहले फैमिली डॉक्टर से इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर सभी को तुरंत जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह करीब 10.15 बजे सबसे पहले छोटी बेटी ज़ैनब की मौत हो गई। इसके बाद कुछ ही घंटों में नसरीन और आयशा ने भी दम तोड़ दिया। वहीं रात करीब 10.30 बजे अब्दुल्ला की भी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही जे.जे. मार्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मौत का कारण रात का खाना था या उसके बाद खाया गया तरबूज। इस दुखद घटना से इलाके में शोक का माहौल है। - २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस