सेंसेक्स 639, निफ्टी 194 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आया है। अमेरिका और ईराम में तनाव कम होने की उम्मीद से भी आज बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में तेजी आई। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639.42 अंक ऊपर आकर 77,303.63 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनरएसई निफ्टी 194.75 अंक उछलकर 24,092.70 अंक पर पहुंच गया। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर बढ़त पर बंद हुए। सन फार्मा में सबसे अधिक करीब 7 फीसदी की बढ़त रही। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर उछले जबकि एक्सिस बैंक, बीईएल, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही। ब्रॉडर बाजार में बेंचमार्क इंडेक्सेज से बेहतर रहा। निफ्टी मिडकैप में 1.47 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 1.90 फीसदी की बढ़त रही । क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी फार्मा, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी आईटी का प्रदर्शन बेहतर रहा पर प्राइवेट बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में और स्मॉलकैप इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई। हेल्थकेयर, आईटी, रियल्टी, मीडिया, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फार्मा और पावर इंडेक्स में से हर एक में लगभग 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ खुले। सुबह सेंसेंक्स 77,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी 50 भी 24,000 के ऊपर कारोबार करता दिखा। एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेत एक प्रमुख वजह रहे, जिन्होंने घरेलू निवेशकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही, भू-राजनीतिक मोर्चे पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव में कमी आने की उम्मीद ने भी निवेशकों के भरोसा बढ़ा है। इससे भी बाजार उछला है। ईएमएस 27अप्रैल 2026