क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 26 अप्रैल 2026 को केंद्रीय जेल, जबलपुर में आयोजित विशेष जेल लोक अदालत ने एक महत्वपूर्ण प्रकरण में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया। इस प्रकरण में आरोपी अमित उर्फ छोटू (परिवर्तित नाम), उम्र 24 वर्ष, निवासी गोरखपुर, जबलपुर, पड़ोसी के साथ मामूली विवाद के चलते लगाए गए चोरी के आरोप में पिछले एक वर्ष से जेल में निरुद्ध था। मामला न्यायालय में लंबित था, जिससे आरोपी को अनावश्यक कारावास झेलना पड़ रहा था। विशेष जेल लोक अदालत हेतु प्रकरणों के चयन के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा इस मामले को चिन्हित कर शिकायतकर्ता को बुलाया गया। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता बाबूलाल एवं उनकी पत्नी निर्मला को पैनल अधिवक्ताओं एवं सामुदायिक मध्यस्थों द्वारा समझाइश दी गई। समझाइश के परिणामस्वरूप शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत वापस लेने पर सहमति व्यक्त की। तत्पश्चात पीठासीन अधिकारी द्वारा तत्काल प्रकरण समाप्त करते हुए आरोपी की रिहाई का आदेश जारी किया गया। इस प्रकार, एक वर्ष से लंबित प्रकरण का समाधान मात्र एक दिन में सुलह एवं समझौते के माध्यम से संभव हुआ। रिहाई के पश्चात आरोपी ने न्यायालय, विधिक सेवा प्राधिकरण, अधिवक्ताओं एवं जेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। - 27 अप्रैल 2026/ 05.49