क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


- लू के थपेड़ों के बीच शाम को अचानक बदला मौसम का मिजाज गुना (ईएमएस) । अप्रैल के विदाई के साथ ही गुना में भीषण गर्मी ने अपने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को सीजन की सबसे प्रचंड गर्मी दर्ज की गई, जिसने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिन का अधिकतम पारा 44 डिग्री तक जा पहुँचा, जिससे पूरा शहर भट्टी की तरह तपता रहा। हालांकि, दिनभर लू के थपेड़ों से झुलसने के बाद शाम को कुदरत ने थोड़ी नरमी दिखाई और गरज-चमक के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी ने तपिश को कम कर मौसम खुशनुमा बना दिया। सीजन की सबसे गर्म रात और झुलसाता दिन मौसम विभाग के अनुसार, न केवल दिन बल्कि रातें भी अब बेचैन करने लगी हैं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस साल की अब तक की सबसे गर्म रात रही। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर और 31 फीसदी की शुष्क आर्द्रता ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं (लू) ने सडक़ों पर कर्फ्यू जैसे हालात पैदा कर दिए। शाम के वक्त आर्द्रता घटकर महज 16 फीसदी रह गई, जिससे हवाओं में बेहद शुष्कता महसूस की गई। शाम को बदला मिजाज, बूंदाबांदी ने घोली ठंडक दिनभर भीषण गर्मी और उमस से बेहाल नागरिकों को शाम 5:30 बजे के बाद अचानक राहत मिली। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और देखते ही देखते गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। दिनभर चली उमस भरी गर्मी के बाद इन फुहारों ने वातावरण को सुहाना कर दिया, जिससे देर शाम टहलने निकले लोगों को गर्मी से बड़़ी राहत मिली। आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित बढ़ते तापमान और हीट वेव के खतरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि, कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत संचालित रहेंगी। डॉक्टरों ने भी नागरिकों को सलाह दी है कि दोपहर के समय पर्याप्त पानी पीकर और सिर ढककर ही बाहर निकलें। -सीताराम नाटानी