जगदलपुर (ईएमएस)। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर में उपभोक्ता साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को उपभोक्ता अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और डिजिटल सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक उपभोक्ता बनाना और उन्हें ई-फाइलिंग व ई-हियरिंग जैसी आधुनिक प्रक्रियाओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के दौर में उपभोक्ता जागरूकता बेहद जरूरी है, क्योंकि बाजार में विकल्पों की भरमार के बीच सही निर्णय लेना तभी संभव है, जब व्यक्ति अपने अधिकारों से परिचित हो । ई-हियरिंग प्रणाली लागू करने वाला छग. पहला राज्यः मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि अब इस कानून के तहत चिकित्सा सेवाएं भी शामिल कर ली गई हैं, जिससे आम लोगों को और अधिक सुरक्षा मिलती है। उन्होंने जागृति एप की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं और ई-हियरिंग के जरिए बिना आयोग पहुंचे ही सुनवाई में भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मुख्य अतिथि द्वारा विस्तार पूर्वक किया गया। इससे छात्रों में विषय के प्रति रुचि और समझ दोनों बढ़ी। अंत में वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती दीपिका डडसेना ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार उपभोक्ता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। - 27 अप्रैल 2026