27-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस) । जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों के सुधार कार्यक्रमों का जायजा लेने के लिए सोमवार को स्पेशल महानिदेशक (जेल) जी. अखेतो सेमा ने जिला जेल गुना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल अधीक्षक अतुल सिन्हा सहित समस्त जेल अमला उनके साथ मौजूद रहा। विशेष महानिदेशक ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों को दी जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री सेमा ने जेल के अस्पताल, पाठशाला और पाकशाला (रसोई) का अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता जांची और पाठशाला में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही, बंदियों को निजी स्रोतों से खाद्य एवं आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित जेल कैंटीन का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने महिला वार्ड सहित जेल की समस्त बैरकों का दौरा किया। इस मौके पर बंदियों ने स्पेशल डीजी को अपनी समस्याएं बताईं, हालांकि किसी ने भी गंभीर शिकायत दर्ज नहीं कराई और जेल की व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। विशेष महानिदेशक ने निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा निर्मित हस्तकला और सुंदर कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने आधुनिक सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से बायोमेट्रिक सिस्टम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जेल परिसर पहुँचने पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और जेलर अतुल सिन्हा ने उनका भव्य स्वागत किया। - सीताराम नाटानी