ज़रा हटके
30-Apr-2026
...


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका में 2026 के साथ ही करियर और सफलता की पारंपरिक परिभाषा तेजी से बदलती दिखाई दे रही है। जहां पहले युवाओं के लिए किसी एंट्री-लेवल नौकरी को करियर की पहली सीढ़ी माना जाता था, वहीं अब नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी, इस सोच से हटकर सीधे उद्यमिता की ओर बढ़ रही है। “बिजनेस फर्स्ट, जॉब लेटर” जैसी सोच अब एक उभरता हुआ ट्रेंड बन गई है, जिसमें युवा पहले अपना व्यवसाय शुरू करने को प्राथमिकता देते हैं और नौकरी को बाद में एक विकल्प के रूप में देखते हैं। इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का तेजी से बढ़ता प्रभाव है। कई बड़ी कंपनियां लागत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एआई का उपयोग कर रही हैं, जिससे शुरुआती स्तर की नौकरियों में कमी दिख रही है। टेक सेक्टर में एंट्री-लेवल पदों में 10 से 40 प्रतिशत तक की कटौती की रिपोर्ट्स सामने आई हैं। इससे युवाओं में पारंपरिक नौकरी बाजार को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। एक सर्वें के अनुसार, लगभग 69 प्रतिशत युवा अब “अमेरिकन ड्रीम” को स्थिर नौकरी से नहीं बल्कि अपने खुद के कारोबार से जोड़कर देख रहे हैं। वे स्वतंत्रता, लचीलापन और तेजी से विकास के अवसरों को अधिक महत्व दे रहे हैं। कम वेतन, धीमी करियर ग्रोथ और कॉरपोरेट संरचना की सीमाएं भी उन्हें पारंपरिक नौकरियों से दूर कर रही हैं। इसके साथ ही फ्रीलांसिंग और पोर्टफोलियो आधारित काम का चलन भी तेजी से बढ़ा है। युवा अब नौकरी के आवेदन पर निर्भर रहने के बजाय अपने कौशल को सीधे बाजार और क्लाइंट्स तक पहुंचा रहे हैं। एआई आधारित टूल्स ने प्रक्रिया को आसान बनाया है, जिससे कम संसाधनों में भी बिजनेस शुरू करना संभव हो गया है। कई युवा एआई एजेंट्स का उपयोग करके अपने काम को ऑटोमेट भी कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव केवल एक अस्थायी प्रवृत्ति नहीं है, बल्कि करियर की एक नई दिशा है। अब सफलता का पैमाना केवल स्थिर नौकरी नहीं रह गया है, बल्कि नवाचार, जोखिम लेने की क्षमता और तकनीक के साथ तालमेल बनाकर अपना रास्ता खुद तय करने में देखा जा रहा है। यह संकेत देता है कि आने वाले समय में करियर की परिभाषा और भी अधिक लचीली, डिजिटल और आत्मनिर्भर होती जाएगी। आशीष/ईएमएस 30 अप्रैल 2026