वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपने आक्रामक रुख को और कड़ा करते हुए एक विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने ईरान की वर्तमान स्थिति की तुलना एक स्टफ्ड पिग (भरवां सूअर) से करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी नाकेबंदी के कारण ईरान का दम घुट रहा है। ट्रंप का यह बयान विश्व के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव के बीच आया है, जहाँ अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात को पूरी तरह ठप करने के उद्देश्य से कड़ी घेराबंदी कर रखी है। बुधवार को दिए एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि जब तक ईरान परमाणु समझौते के लिए उनकी शर्तों पर तैयार नहीं होता, तब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी नहीं हटाई जाएगी। उन्होंने ईरान द्वारा दिए गए उस नए प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया, जिसमें ईरान ने होर्मुज से प्रतिबंध हटाने के बदले तत्काल युद्धविराम का सुझाव दिया था। ट्रंप ने कड़े लहजे में कहा, नाकेबंदी बमबारी से कहीं अधिक असरदार साबित हो रही है। ईरान के हालात अब और खराब होने वाले हैं, क्योंकि मैं उन्हें किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दूंगा। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के चलते ईरान अपना तेल निर्यात नहीं कर पा रहा है, जिससे वहां की स्टोरेज फैसिलिटी और पाइपलाइनें फटने की कगार पर हैं। कुछ रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए बताया गया है कि ईरान के पास अब तेल भंडारण के लिए केवल 12 से 22 दिनों की जगह शेष बची है। ट्रंप ने संकेत दिए कि वे अब और अच्छे इंसान बनकर नहीं रह सकते और बातचीत में आ रही रुकावट को दूर करने के लिए सैन्य दबाव का सहारा लिया जा सकता है। दूसरी ओर, ईरान ने इन धमकियों का कड़ा जवाब दिया है। ईरान के सुरक्षा सूत्रों और संसद के स्पीकर गालिबफ ने स्पष्ट किया है कि वे अमेरिका की इन चालबाजियों के आगे झुकने वाले नहीं हैं। ईरान ने दोटूक कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर किसी भी दबाव में समझौता नहीं करेगा और अमेरिकी नाकेबंदी का जल्द ही ठोस जवाब दिया जाएगा। फिलहाल, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक रास्ते बंद नजर आ रहे हैं और तनाव चरम पर पहुंच गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/30अप्रैल2026