मैड्रिड (ईएमएस)। यूक्रेन की महिला टेनिस खिलाड़ी मार्टा कोस्त्युक मैड्रिड ओपन में अच्छे प्रदर्शन के साथ ही अपने करियर के दूसरे डब्ल्यूटीए 1000 सेमीफाइनल में जगह बनायी है। मार्टा ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य की 13वीं वरीयता प्राप्त लिंडा नोस्कोवा को सीधे सेटों में 7-6(1), 6-0 से हराया। अब फाइनल में जगह बनाने के लिए मार्टा की टक्कर अनास्तासिया पोटापोवा से होगी।पहले सेट में मार्टा और नोस्कोवा दोनों खिलाड़ियों को ही कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मार्टा ने निर्णायक टाई-ब्रेक में 7-1 से जीत हासिल कर ली। वहीं दूसरे सेट में मार्टा हावी रहीं। उन्होंने यह सेट 6-0 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। वहीं अनास्तासिया पोटापोवा और मार्टा का डब्ल्यूटीए टूर पर रिकॉर्ड 2-2 का है पर उन्होंने अपने पिछले दो मुकाबले सीधे सेटों में जीते हैं, जिसमें पिछले साल मैड्रिड में हुआ मैच भी शामिल है। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मीरा एंड्रीवा और हैली बैप्टिस्ट के बीच मुकाबला होगा। मार्टा के लिए यह सत्र विशेष रहा है। मैड्रिड में वह एक भी सेट नहीं हारी हैं। वहीं राउंड ऑफ 32 में उसे जेसिका पेगुला पर बड़ी जीत मिली। है। जीत के बाद मार्टा उत्साहित होते हुए कहा कि यह अविश्वसनीय लगता है। ईएमएस 30अप्रैल 2026