राष्ट्रीय
30-Apr-2026


-सोसायटी में फ्लैटों में आग से हुआ भारी नुकसान, धुएं के काले पड़ गए कई फ्लैट साहिबाबाद,(ईएमएस)। आशियाना जलता देख गौड़ ग्रीन एवेन्यू के निवासी सिसकते रहे और आंखों में आंसू लेकर अपने सपनों के घर को जलता देखते रहे। रूंधे गले से लोगों ने बताया कि पाई-पाई जोड़कर बनाया गया आशियाना उजड़ गया। सोसायटी में आठ से ज्यादा फ्लैटों में बुधवार सुबह लगी भीषण आग से नुकसान हुआ है, जबकि चार पूरी तरह से जलकर राख हो गए। इनमें से तीन में परिवार रह रहे थे। आसपास के फ्लैट में दरवाजे, शीशे, बालकनी, पाइप को नुकसान हुआ है। धुएं के चलते कई फ्लैट काले पड़ गए हैं। पीड़ित कमल अरोड़ा ने बताया कि जिस घर में हम रहे, उसे आंखों के सामने जलता नहीं देखा गया। परिवार की महिलाओं की आंखों में आंसू बहते रहे। युवाओं को उनके दोस्तों ने गले लगाकर दिलासा दी। आग बुझने के बाद साफ-सफाई का काम एओए ने शुरू कराया है। डी-टावर में पानी की पाइपलाइन को आग से नुकसान पहुंचा है। इसकी वजह से अन्य टावर में भी पानी की सप्लाई बाधित हो गई। इसके अलावा बिजली की समस्या भी सोसायटी में रही। एओए ने आग लगने के तुरंत बाद सप्लाई बंद कर दी थी। इससे बाकी जगह तारों के जरिए आग नहीं फैली। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने के बाद टावर से बाहर आए लोगों को क्लब हाउस में ठहराया गया है। एओए ने पानी और खाने की व्यवस्था की जबकि अन्य टावर से पड़ोसी भी मदद के लिए आगे आए। एओए की पूरी टीम अलर्ट रही और सुबह से ही सभी सदस्य, सोसायटी के लोगों और कर्मचारी की मदद में जुटे रहे। सोसायटी के फायर सिस्टम से ही आग बुझाने की कोशिश की गई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। आग बुझने के बाद भी सभी फ्लैट में जांच के लिए सदस्य पहुंचे। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26