* राष्ट्रीय औसत से कहीं बेहतर 46.71% रिकवरी रेट, ‘संचार साथी’ और सीईआईआर पोर्टल से मिली सफलता गांधीनगर (ईएमएस)| राज्य में चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में गुजरात पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश के बड़े राज्यों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रीय औसत से अधिक रिकवरी रेट दर्ज कर गुजरात पुलिस ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गुजरात पुलिस ने 46.71 प्रतिशत के प्रभावशाली रिकवरी रेट के साथ 53,564 मोबाइल हैंडसेट सफलतापूर्वक उनके मूल मालिकों को वापस लौटाए हैं। मोबाइल रिकवरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अहमदाबाद शहर, डांग और भावनगर जिलों के नोडल अधिकारियों को राज्य पुलिस प्रमुख डॉ. के. एल. एन. राव द्वारा सम्मानित किया गया। दूरसंचार विभाग (डीओटी) और गुजरात पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राज्य ने मोबाइल रिकवरी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। भारत सरकार के ‘संचार साथी’ पोर्टल और CEIR मॉड्यूल के प्रभावी उपयोग से गुजरात ने बड़े राज्यों में रिकवरी प्रतिशत के आधार पर तीसरा स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के नेतृत्व में गुजरात ने इस क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। पूरे देश में अब तक 50,48,516 मोबाइल ब्लॉक किए गए हैं, जबकि गुजरात में 1,83,985 मोबाइल हैंडसेट ब्लॉक किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मोबाइल रिकवरी का औसत 32.6 प्रतिशत है, जबकि गुजरात ने 46.71 प्रतिशत की दर से 53,564 मोबाइल फोन रिकवर कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार सीईआईआर रैंकिंग में अहमदाबाद शहर, डांग और भावनगर जिलों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। अहमदाबाद शहर ने 25,500 ब्लॉक अनुरोधों के मुकाबले 4,935 मोबाइल रिकवर कर 56.70 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। डांग जिले ने 328 ब्लॉक अनुरोधों के साथ 77.33 प्रतिशत की उच्च सटीकता दर और 54.89 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। भावनगर जिले ने 634 ब्लॉक अनुरोधों में से 273 मोबाइल रिकवर कर 53.44 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि ब्लॉक किए गए 1,14,670 ट्रेस किए गए मोबाइलों को खोजने में राज्य के विभिन्न जिलों के नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गुजरात एलएसए द्वारा लागू ‘सीईआईआर रैंकिंग फ्रेमवर्क’ के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन जिलों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। राज्य पुलिस प्रमुख डॉ. के. एल. एन. राव ने इन अधिकारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना, चोरी हुए मोबाइल के दुरुपयोग को रोकना और दूरसंचार से जुड़े धोखाधड़ी मामलों पर नियंत्रण पाना है। सतीश/30 अप्रैल