क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


- कई इलाकों में दोपहर तक अंधेरा गुना (ईएमएस)। भीषण गर्मी से झुलस रहे शहर में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात अचानक आए तेज धूलभरे तूफान ने हालात बिगाड़ दिए। दिन में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के बाद देर रात मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आई आंधी ने शहर के कई हिस्सों में तबाही मचा दी। परशुराम चौराहे और कलेक्टर बंगले के पास बड़े पेड़ गिर गए, जिनकी चपेट में आकर बिजली के तार टूट गए और शहर की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। तेज हवाओं के चलते रातभर शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली गुल रही। कई जगहों पर पूरी रात अंधेरा पसरा रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में सुबह थोड़ी देर के लिए सप्लाई बहाल हुई, लेकिन कई मोहल्लों में गुरुवार दोपहर तक भी बिजली नहीं लौट सकी। लगातार बिजली बाधित रहने से सुबह पेयजल संकट भी खड़ा हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के दौरान सड़कों पर पेड़ों की बड़ी-बड़ी डालियां गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। रात में कई बार बिजली ट्रिप होने से हालात और बिगड़ गए। सूचना मिलते ही बिजली विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और विपरीत परिस्थितियों के बीच बहाली कार्य शुरू किया। अंधेरे और तेज हवाओं के बीच कर्मचारी पोल पर चढ़कर टूटे तार जोड़ते रहे। करीब रात 3 बजे तक लगातार मशक्कत के बाद कुछ इलाकों में सप्लाई बहाल की जा सकी, जबकि कई स्थानों पर सुधार कार्य दिनभर जारी रहा। अचानक आए इस तूफान ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया, वहीं बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पूरी रात डटे रहकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया। बावजूद इसके, लंबी बिजली कटौती ने शहरवासियों को गर्मी और पानी दोनों संकटों से जूझने पर मजबूर कर दिया। - सीताराम नाटानी