राष्ट्रीय
30-Apr-2026
...


-सिंगर को बताया बीजेपी-संघ का एजेंट, दर्शकों के बीच मची अफरा-तफरी नई दिल्ली,(ईएमएस)। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के स्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने इंटरनेशनल कॉन्सर्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। वैंकूवर में आयोजित उनका ‘औरा-2026’ म्यूजिक कॉन्सर्ट भी कुछ ऐसा ही था, जहां फैंस बड़ी संख्या में उनके लाइव परफॉर्मेंस का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस शो में ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। कॉन्सर्ट अपने पूरे जोश में चल रहा था और दिलजीत स्टेज पर परफॉर्म दे रहे थे, तभी कुछ लोग खालिस्तान समर्थक झंडों के साथ कॉन्सर्ट में घुस गए। इन लोगों ने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए और कॉन्सर्ट में जमकर बवाल मचाया। इससे वहां मौजूद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शनकारियों ने वैंकूवर में आयोजित इस कॉन्सर्ट में भारत विरोधी नारे लगाए और दिलजीत दोसांझ को बीजेपी और आरएसएस का एजेंट बताया। इस अप्रत्याशित विरोध ने कार्यक्रम की दिशा ही बदल दी। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सिक्योरिटी को हस्तक्षेप करना पड़ा, जब सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और स्थिति संभालने की कोशिश की, तो उनके साथ बहस और झड़प भी हुई। कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट में मौजूद फैंस के बीच असहजता और चिंता का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्थिति को काबू में कर लिया गया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। सूत्रों के मुताबिक हंगामा करने वालों में पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नाम के दो लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। इन पर आरोप है कि ये दोनों सिक्ख फॉर जस्टिस से जुड़े हो सकते हैं। यह भारत में प्रतिबंधित संगठन है, जिसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू हैं और यह संगठन पहले भी विवादों में रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने भविष्य में भी दिलजीत दोसांझ के शो के खिलाफ विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है। फिलहाल दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26