समस्तीपुर (ईएमएस)। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल के उच्च वर्गीय लिपिक अनिल राम को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन देवेन्द्र मंडल, जो नवंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे, अपने एरियर, सात साल के बकाया वेतन और सेवांत लाभ की करीब एक करोड़ रुपये की राशि के भुगतान के लिए प्रयासरत थे। आरोप है कि इस भुगतान के एवज में लिपिक अनिल राम द्वारा कमीशन की मांग की जा रही थी। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर देवेन्द्र मंडल ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद निगरानी की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई, जहां उसे स्पेशल निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा। - ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस