क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर इलाके में 17 अप्रैल को एक दिहाड़ी मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीबीडी-बेलापुर पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच टीम ने इस मामले के दूसरे आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले, पहले आरोपी को 24 अप्रैल को मुंबई के कॉटन ग्रीन रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ से गिरफ्तार किया गया था। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (जोन-2) अमित काले ने बताया कि 17 अप्रैल की सुबह एनएमएमसी मुख्यालय के पास फ्लाईओवर के नीचे एक मजदूर का शव मिला था। उसकी हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई थी।जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक खाली देसी शराब की बोतल और एक एंटीसेप्टिक क्रीम की ट्यूब मिली थी। पुलिस ने इन दोनों सामानों के बैच नंबर के आधार पर आसपास की वाइन शॉप और मेडिकल स्टोर्स में जांच की।जांच में पता चला कि मृतक इन दोनों आरोपियों के साथ इन सामानों को खरीदते हुए देखा गया था। साथ ही, वाइन शॉप और मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज में भी तीनों एक साथ नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तस्वीरें हासिल कीं और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता पाई। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। संजय/संतोष झा- ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस