क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई के वाशी इलाके में 29 वर्षीय मजदूर मोहम्मद इमरान इब्राहिम खान की 27वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। यह घटना सेक्टर-9ए स्थित एक पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) प्रोजेक्ट की इमारत में हुई। पुलिस के अनुसार, इमरान बी-विंग की 27वीं मंजिल के लॉबी में पीवीपी का काम कर रहा था। इसी दौरान वह ड्रिल मशीन से स्क्रू फिट करते समय संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उसे वाशी के एनएमएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वाशी पुलिस ने इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे को लेकर मनसे के शहर अध्यक्ष गजानन काले ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह इमारत मजदूरों के लिए “मौत का जाल” बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में इसी प्रोजेक्ट में यह दूसरी मौत है। काले के अनुसार, 4 मार्च को भी एक अन्य मजदूर पवन कुमार महतो (21) की इसी निर्माण स्थल पर मौत हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्रशासन से शिकायत की थी, जिस पर श्रम विभाग ने 13 अप्रैल को जांच कर निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। बावजूद इसके, बिल्डर ने काम जारी रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों को सुरक्षा उपकरण जैसे सेफ्टी हार्नेस और हेलमेट नहीं दिए जा रहे थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। काले ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बिल्डर का कमेंसमेंट सर्टिफिकेट (सीसी) रद्द किया जाए, मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और बिल्डर व ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो मनसे इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी। संजय/संतोष झा- ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस