- चोरी की घटना को जबरन स्वीकार करने के लिये रातभर पीटा - पैरों में आलपिन चुभाने के आरोप - एक युवक को हुई खून की उल्टियां, हाथ फ्रैक्चर - पीड़ित पक्ष ने पुलिस कमिश्नर से की लिखित शिकायत भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में एक दिन पहले ही बदमाशों द्वारा युवक को नग्न कर जमकर मारपीट करते हुए उसके चेहरे पर पेशाब किये जाने की हैवानियत भरी घटना सामने आई थी। इसके बाद अब शहर के टीटी नगर थाना पुलिस पर दो युवकों ने चोरी की वारदात को जर्बदस्ती स्वीकार करने का दबाव बनाते हुए रातभर बेरहमी से पीटने, पैरों में आलपिन चुभाने के सनसनीखेज आरोप लगाये हैं। इस कथित पिटाई में एक युवक को खून की उल्टियां होने के साथ ही उसका हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस कमिश्नर से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है, वहीं घटना से जुड़ा पीड़ित का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें उसने पीटने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार नालंदा बुद्ध विहार, अंबेडकर नगर में रहने वाला आयुष गोलाईत (21) बीती 25 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ कोलार में एक मित्र की हल्दी रस्म में शामिल होने गया था। देर रात करीब ढाई बजे वह अपने दोस्त अतुल चोटाले के साथ वापस लौट रहा था। कटसी सेकेंड स्टॉप के पास दोनों एक नल पर हाथ-मुंह धो रहे थे, तभी डायल 112 पुलिस वहां पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर टीटी नगर थाने ले गई। परिजनों के अनुसार पुलिस दोनों युवकों को अंजली कॉम्प्लेक्स स्थित एक घर में ले गई, जहां कुछ समय पहले चोरी हुई थी। लेकिन फरियादी ने दोनों को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस उन्हें वापस थाने ले आई, जहां कथित तौर पर रातभर लाठी-डंडों से पीटा गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मारपीट करने के साथ ही अतुल के पैरों में आलपिन चुभाईं। - खून की उल्टियां हुई तब अस्पताल पहुंचाया मारपीट के दौरान आयुष की हालत बिगड़ गई। उसे खून की उल्टियां हुईं और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद पुलिस उसे जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराने ले गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के करीब 12 घंटे बाद भी उन्हें न तो हिरासत की सूचना दी गई और न ही अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी। - पैसा मांगने के भी आरोप आयुष के परिवार वालो का कहना है कि पुलिस ने दोनों के मोबाइल बंद कर दिए थे। उन्हें एक परिचित के जरिए बेटे के अस्पताल में होने की जानकारी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने दोनों को छोड़ने और जमानत दिलाने के बदले 20 से 30 हजार रुपए की मांग की। इसके बाद दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दी गई। मामले में आयुष को एसीपी टीटी नगर कोर्ट से जमानत मिल गई, जबकि उसके दोस्त अतुल चोटाले को जेल भेज दिया गया है। - यह है पीड़ित युवक के आरोप और पुलिस की सफाई जमानत पर रिहा होने के बाद आयुष ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने टीटी नगर थाने के एसआई पर जबरन अपराध कबूल कराने और बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं टीटी नगर थाने के एसआई का कहना है कि लगाये आरोप निराधार हैं। दोनों युवकों को एक कॉलोनी के गार्ड ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। रात्री अधिकारी ने पूरे मामले की जांच की और संदेहियों से पूछताछ की। शिकायत जांच में पूरे मामले की सत्यता सामने आ जाएगी। आयुष गोलाइन पर आर्मस एक्ट, मारपीट, पॉक्सो एक्ट जैसे कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जुनेद / 30 अप्रैल