मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगर क्षेत्र के उपनगरीय यात्रियों के लिए आज 1 मई से यात्रा और भी सुविधाजनक होने वाली है। पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई व्यवस्थाओं का ऐलान किया है। मध्य रेलवे अपनी एसी लोकल सेवाओं का विस्तार करते हुए रोजाना 108 फेरे चलाएगा। इसमें हार्बर लाइन पर 14 नई एसी ट्रिप्स जोड़ी गई हैं, जिससे एसी सेवाओं की संख्या 100 के पार पहुंच जाएगी। वहीं, पश्चिम रेलवे 17 मौजूदा 12-कोच (गैर-एसी) लोकल ट्रेनों को 15-कोच ट्रेनों में बदलेगा। इससे 15 डिब्बों वाली ट्रेनों की कुल संख्या 227 से बढ़कर 244 हो जाएगी। इनमें से 8 ट्रेनें विरार–दहानू रोड सेक्शन पर चलाई जाएंगी, जहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य ट्रेनों की संख्या बढ़ाए बिना भीड़ को कम करना है। हालांकि, परिचालन कारणों से 15-कोच ट्रेनें ग्रांट रोड, चर्नी रोड और मरीन लाइन्स स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में नहीं रुकेंगी। वहीं दादर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर इन ट्रेनों का दो बार ठहराव होगा, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके। इसके अलावा, पश्चिम रेलवे 12 नई एसी लोकल सेवाएं भी शुरू करेगा, जो मौजूदा गैर-एसी ट्रेनों की जगह लेंगी। बहरहाल इन बदलावों से मुंबई के लाखों दैनिक यात्रियों को ट्रेनों में अधिक जगह और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। स्वेता/संतोष झा- ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस