क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


रांची (ईएमएस)। बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर गुरुवार को बरियातू स्थित विधायक डॉ रामेश्वर उरांव के आवास पर भगवान गौतम बुद्ध की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर डॉ उरांव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू सहित सैकड़ों अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की। दार्जिलिंग से आये लामाओं ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया। भक्तों ने बुद्ध की प्रतिमा को नये वस्त्र अर्पित किये और 108 दीप प्रज्वलित कर शांति का संदेश दिया। बोधि वृक्ष को पारंपरिक झंडों से सजाया गया था। डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि भगवान बुद्ध ने दुनिया को करुणा और सहिष्णुता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा जैसे मोमबत्ती बिना आग के नहीं जल सकती, वैसे ही मनुष्य आध्यात्मिक जीवन के बिना नहीं जी सकता। खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि बुद्ध हमें समानता का अधिकार देते हैं। उनके सिद्धांतों को सरकारी योजनाओं में भी समाहित करने की आवश्यकता है. वहीं प्रदेश महासचिव आलोक दूबे ने उन्हें विष्णु का नौवां अवतार बताते हुए सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में निशा उरांव, लाल किशोर नाथ शाहदेव, एसके तमांग सहित छोटानागपुर बौद्ध सोसाइटी के कई सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित थे। - 30अप्रैल/26