क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस) जनपद के थाना फरिहा क्षेत्र के चिड़रई गांव में बुधवार दोपहर से लापता 10 वर्षीय बालिका शिवानी का शव गुरुवार को गांव के पास एक नाले में मिला है। परिजनों ने बताया कि बालिका की हत्या की गई है और उसके गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि किशोरी के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। शिवानी बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर से खेतों पर गेंहू बीनने के लिए गयी थी और गायब हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिली। गुरुवार सुबह उसका शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित नाले में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरिहा पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके बारे में अवगत कराया जाएगा। सीओ जसराना प्रेम प्रकाश का कहना है कि रात में एक बजे पुलिस को डायल 112 के जरिये बालिका के लापता होने की जानकारी मिली थी। आज सुबह उसका शव मिला है। बच्ची के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं है। - ए. शर्मा फिरोजाबाद