- कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े का इंदरगढ़ दौरा मंडी एवं उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आज गुरूवार को इंदरगढ़ पहुंचकर स्थानीय मंडी एवं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों की उपज की तुलाई प्रक्रिया, रजिस्टर में प्रविष्टियां तथा किसानों के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, छांव आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री वानखड़े ने मौके पर रुककर किसानों से सीधे संवाद किया और मंडी एवं उपार्जन केंद्रों पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही, इसकी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने भीषण गर्मी को देखते हुए इंदरगढ़ मंडी में किसानों के लिए वाटर कूलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए साथ ही बेहतर व्यवस्था के लिए धर्मकांटें को शिफ्ट करने के दिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया है जिससे ट्रैफिक की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि यहा नया रोड बनाने के लिए भी शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया है जिससे मंडी में प्रवेश के लिए ज्यादा विकल्प रहे। वर्षा की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रारंभिक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री वानखेड़े ने दाल मिल रोड स्थित राधारानी उपचार गोशाला का भी भ्रमण किया। उन्होंने गोशाला का संचालन स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। साथ ही, गोशाला के उपयोग हेतु भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक अनुमति प्रदान करते हुए इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।