श्योपुर ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश में जनगणना कार्य को लेकर गृह विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशानुसार जनगणना का कार्य कल यानी 1 मई से प्रारंभ किया जाएगा। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मकानों की एंट्री शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए तथा सभी प्रक्रियाएं व्यवस्थित रूप से पूरी हों। वीसी में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रगणकों को एचएलबी का आवंटन सही तरीके से किया जाए। फील्ड में जाने वाले सभी प्रगणकों को क्यूआर कोड युक्त आईडी कार्ड साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनकी पहचान और जानकारी का सत्यापन किया जा सके। साथ ही जनगणना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार का भ्रम या भ्रांति न फैले। कार्य की प्रगति को लेकर चरणबद्ध लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। 5 मई तक 10 प्रतिशत, 10 मई तक 40 प्रतिशत, 15 मई तक 70 प्रतिशत तथा 20 मई तक 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पहले दिन ही लॉगिन कर कार्य प्रारंभ कर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया है, ताकि अभियान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके। इस दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती सौम्या आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।