इन्दौर (ईएमएस) आपस में झगड़ रहे परिचित युवकों का बीच बचाव एक युवक को भारी पड़ गया, झगड़ रहे युवकों ने उसको ही चाकू मारकर घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। और मृतक युवक घर के नजदीक पार्टी में शामिल होने के बाद दुकान पर पाउच लेने गया था। पुलिस के अनुसार मृतक युवक का नाम मनीष सुनहरे उम्र बावीस साल निवासी रविदास नगर है वह डेकोरेशन का काम करता था। कल रात वह अपने नाबालिग साथी के साथ घर से कुछ दूरी पर पाउच लेने गया था। इसी दौरान वहां पहले से कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे जो उसके परिचित थे। मनीष ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो झगड़ा कर रहे युवकों ने उस पर ही चाकू से हमला कर उसके पैर में तीन जगह वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आज तड़के करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार घटना के मुख्य आरोपी कृष्णा ठाकुर पर पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी हैं। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि मृतक मनीष सुनहरे हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटे ऋषभ पवार नामक युवक के यहां आयोजित पार्टी में शामिल था। ऋषभ और कृष्णा का किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हो रहा था मनीष उनका ही बीच-बचाव करने गया तो उन्होंने उस पर ही चाकू से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 30 अप्रैल 2026