निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने निगम कार्यों व समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए दिए निर्देश भोपाल(ईएमएस)। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने समय सीमा प्रकरणों व निगम के अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि वर्तमान में जनगणना-2027, स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे है तथा नवीन वित्तीय वर्ष की भी शुरूआत हुई है और ऐसे में नई दरों के आधार पर सम्पत्तिकर का निर्धारण तथा समग्र पोर्टल पर के.वाय.सी संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि सी.एम.हेल्प लाईन पर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही कर नियत समयावधि में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने बिना अनुमति प्राप्त किए लगाई गन्ने की चरखियों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने तथा अनुमति प्राप्त चरखियों को निर्धारित क्षेत्र में संचालित किया जाना सुनिश्चित करने, अनुमति से अधिक क्षेत्र में संचालित चरखियों का अतिक्रमण हटाए और जुर्माने की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में अपर आयुक्तगण श्रीमती अंजू अरूण कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरूण अवस्थी, वरूण बरेडिया, उपायुक्तगद्वय दिनेश सिंह व चंचलेश गिरहारे, सहायक आयुक्त श्रीमती कीर्ति चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने गुरूवार को आई.एस.बी.टी स्थित निगम कार्यालय में समय सीमा प्रकरणों व निगम के अन्य कार्यों की समीक्षा की और सी.एम.हेल्प लाईन पर शिकायतों के निराकरण एवं लंबित शिकायतों के संबंध में विधानसभावार जानकारी प्राप्त की साथ ही जनगणना, स्वच्छ सर्वेक्षण, सम्पत्तिकर, जलदर आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य से संलग्न सभी कर्मचारी निर्देशानुसार सभी कार्यों को पूरी गंभीरता एवं तन्मयता के साथ सम्पादित करें तथा जनगणना कार्य में नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई न होने दें। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था एवं स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत सिटीजन फीडबेक संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि स्वच्छता संबंधी कार्यों को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करें, रोड स्वीपिंग एवं सड़कों की धुलाई कराने, जहां दीवारों पर पेंटिंग खराब हो गई है उन्हें पुनः पेंट कराने, नालियों की बेहतर ढंग से सफाई कराने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत सिटीजन फीडबेक हेतु अधिक से अधिक नागरिकों को प्रेरित करने व सिटीजन फीडबेक दर्ज कराने हेतु स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी संलग्न करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपने क्षेत्रों में सिटी प्रोफाईल की भी जांच करें और निर्धारित मानकों अनुसार सिटी प्रोफाईल संबंधी कार्यों को पूर्ण कराएं। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने निर्देशित किया कि नवीन वित्तीय वर्ष में सम्पत्तिकर की गणना हेतु निर्धारित परिक्षेत्रों एवं दरों अनुसार सम्पत्तिकर का निर्धारण करें और सम्पत्तिकर एवं जल उपभोक्ता प्रभार के खातों की एक ही आई.डी. बनाए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने समग्र आई.डी कार्य को और अधिक तीव्र गति से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने सी.एम. हेल्प लाईन की शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही पर असंतोष व्यक्त करते हुए सी.एम. हेल्प लाईन पर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निराकरण कराने और लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित कर प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। हरि प्रसाद पाल / 30 अप्रैल, 2026