राज्य
30-Apr-2026
...


:: फीनिक्स सिटाडेल में 20 से 22 जुलाई तक जुटेगा ब्यूटी और हेयर आर्टिस्ट्स का महाकुंभ; 10 हजार से अधिक विजिटर्स बनेंगे साक्षी :: इंदौर (ईएमएस)। देश की स्वच्छता और खान-पान की राजधानी इंदौर अब सौंदर्य और वेलनेस इंडस्ट्री के सबसे बड़े समागम की मेजबानी करने जा रहा है। आगामी 20 से 22 जुलाई तक शहर के फीनिक्स सिटाडेल मॉल में नेशनल आर्टिस्ट्स चैम्पियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह मेगा इवेंट देश का सबसे बड़ा हेयर और ब्यूटी प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है, जहाँ देशभर के कलाकार, विशेषज्ञ और इंडस्ट्री लीडर्स एक ही छत के नीचे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीन दिवसीय इस महोत्सव में 500 से अधिक प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जबकि 50 से अधिक इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स और 10,000 से अधिक विजिटर्स की भागीदारी अपेक्षित है। प्रतियोगिता के दौरान मेकअप, हेयर आर्टिस्ट्री, स्किन केयर, नेल आर्ट और बार्बरिंग जैसी श्रेणियों में कड़ा मुकाबला होगा। प्रतिभागियों को रेड कारपेट लुक से लेकर अवांट-गार्ड स्टाइल और आधुनिक ब्राइडल तकनीकों में अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन की विशिष्टता इसके विविध सत्रों में निहित है। केवल प्रतियोगिताएँ ही नहीं, बल्कि लाइव स्टेज प्रेजेंटेशन, ग्रैंड फैशन शो और इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नई तकनीकों पर चर्चा होगी। उन्नति सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस चैम्पियनशिप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर और नेटवर्किंग के अवसर प्रदान करना है। :: तीन दिनों का विशेष कार्यक्रम :: प्रथम दिन : भव्य उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं सम्मान समारोह। द्वितीय दिन : हेयर आर्टिस्ट्री एवं नेशनल-इंटरनेशनल डिजाइनर्स का भव्य फैशन शो। तृतीय दिन : ब्यूटी एवं वेलनेस प्रतियोगिताएँ, एक्सपर्ट टॉक्स और भव्य समापन। :: सौंदर्य जगत को नई दिशा देने का संकल्प :: ब्यूटी एजुकेशन के क्षेत्र में 34 वर्षों का अनुभव रखने वाली आयोजन की सूत्रधार उन्नति सिंह ने बताया कि यह चैम्पियनशिप केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक सशक्त आंदोलन है। उनका लक्ष्य भारतीय कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि देश का हर प्रतिभाशाली कलाकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराए। यह चैम्पियनशिप युवाओं के करियर को नई दिशा देने का एक स्वर्णिम अवसर है। प्रकाश/30 अप्रैल 2026