राजगढ़(ईएमएस)। राजगढ़ के ब्यावरा के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस काचरी गांव के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 बाराती घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि घटना सुबह करीब 6 बजे की है। मुरैना के तोमर परिवार की बारात लेकर बस उज्जैन जा रही थी। बस में करीब 45 लोग सवार थे। ब्यावरा शहर से पहले काचरी गांव के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हुई और सडक़ किनारे पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौडक़र मौके पर पहुंचे। बस के शीशे तोडक़र लोगों को बाहर निकाला गया। कई यात्री सीटों के बीच फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। विनोद उपाध्याय / 30 अप्रैल, 2026