रायपुर(ईएमएस)। लखनऊ से रायपुर आ रही एक फ्लाइट में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब लैंडिंग के दौरान अचानक रनवे पर एक बंदर आ गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे विमान समय रहते रुक गया और संभावित दुर्घटना टल गई। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में कुल 132 यात्री सवार थे, जिनमें आधे से ज्यादा यात्री रायपुर के रहने वाले थे। घटना के दौरान कुछ समय के लिए विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रनवे को खाली कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया गया। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और रनवे पर जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की बात कही है। विनोद उपाध्याय / 30 अप्रैल, 2026