मनोरंजन
01-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में एक बातचीत के दौरान फिल्म निर्माता और अभिनेता जैकी भगनानी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को सिचुएशनशिप कहकर संबोधित कर दिया, जिसके बाद इंटरनेट पर हलचल मच गई और लोग उन्हें इस शब्द के गलत इस्तेमाल पर ट्रोल करने लगे। मामला बढ़ता देख अब उनकी पत्नी रकुलप्रीत सिंह और जैकी दोनों ने इस पूरे विवाद पर एक मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी है, जिससे स्थिति स्पष्ट हो गई है। हाल ही में एक इंटरव्यू में जैकी भगनानी ने अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा था, रकुल और मैं शादीशुदा जरूर हैं, लेकिन हमारा रिश्ता एक तरह का सिचुएशनशिप है। भगवान ने हमें एक-दूसरे के लिए बनाया है, इसलिए शादी हुई है। मैं रकुल से हर बात खुलकर कह सकता हूं। अगर रकुल के सामने मेरी कोई एक्स गर्लफ्रेंड फोन करती है, तो मैं फोन स्पीकर पर डाल देता हूं। उनके इस बयान का, खासकर सिचुएशनशिप शब्द के इस्तेमाल का, लोगों ने गलत अर्थ निकाल लिया। आमतौर पर, सिचुएशनशिप एक ऐसे रिश्ते को दर्शाता है जिसमें कमिटमेंट की कमी होती है और भविष्य को लेकर कोई स्पष्टता नहीं होती, जो शादीशुदा रिश्ते के बिल्कुल विपरीत है। इस वजह से जैकी को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, रकुल प्रीत सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक मजेदार वीडियो साझा किया है। वीडियो में रकुल, जैकी को मजाकिया लहजे में डांटती हुई दिखाई दे रही हैं। वह कहती हैं, मैंने तुमसे कितनी बार कहा है कि हम मिलेनियल्स हैं, जेन जी की तरह अजीब शब्दों का इस्तेमाल मत करो। रकुल के चेहरे के हावभाव और बोलने का तरीका इतना मजेदार था कि यह वीडियो देखते ही देखते लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। यह वीडियो दोनों के बीच के प्यारे और खुशमिजाज रिश्ते को भी दर्शाता है। वीडियो में जैकी भगनानी भी अपनी सफाई देते नजर आए। वह कान पकड़कर रकुल से माफी मांगते हुए कहते है, मेरा मतलब वैसा बिल्कुल नहीं था, जैसा लोगों ने समझ लिया। जैकी यह समझाने की कोशिश कर रहे थे कि उनके कहने का मतलब एक खुले और दबाव-मुक्त रिश्ते से था, न कि कमिटमेंट की कमी से। इस पर रकुल कहती है, मैं जानती हूं कि तुम्हारा इरादा गलत नहीं था, लेकिन अब दुनिया को भी पता होना चाहिए। कोई बात नहीं, जब लोग यह देखेंगे, तो अपने आप रुक जाएंगे। यह वीडियो न केवल विवाद को खत्म करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि दोनों सितारे सोशल मीडिया पर किस तरह से अफवाहों और गलतफहमी का सामना करते हैं। सिचुएशनशिप दो शब्दों सिचुएशन और रिलेशनशिप से मिलकर बना है। इसका मतलब यह है कि एक ऐसा रिश्ता, जो पूरी तरह सिचुएशन पर निर्भर करता है। सुदामा/ईएमएस 01 मई 2026