01-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड में रिजेक्शन की कहानियां अक्सर निराशा और संघर्ष से भरी होती हैं, जहां कई अभिनेता और अभिनेत्रियों को इसकी वजह से डिप्रेशन का सामना करना पड़ता है। लेकिन अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के लिए रिजेक्शन एक वरदान साबित हुआ। यह जानकर आपको हैरानी होगी कि एक के बाद एक कई रिजेक्शन की वजह से ही अनुष्का शर्मा को पर्दे पर पहली बार सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ काम करने का सुनहरा मौका मिला था। 1 मई को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जन्मी अनुष्का ने कभी सोचा भी नहीं था कि वह फिल्मी दुनिया में कदम रखेंगी, क्योंकि वह आर्मी बैकग्राउंड से आती हैं और उनका परिवार सेना से जुड़ा था। अनुष्का पत्रकारिता और मॉडलिंग में अपना करियर बनाना चाहती थीं, और यही कारण था कि उन्होंने मात्र 15 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। मॉडलिंग के दौरान भी उन्हें कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा, लेकिन अपनी पहली फिल्म साइन करने से पहले, उन्हें लगभग 1 महीने में चार बार लगातार रिजेक्शन झेलना पड़ा था। अनुष्का का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं था; वे केवल विज्ञापन के लिए ऑडिशन दे रही थीं। हालांकि, विज्ञापन के ऑडिशन को क्रैक कर पाना भी उनके लिए मुश्किल हो रहा था। फाइनल ऑडिशन में भी उन्हें हर बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा, और जब उन्होंने पहली बार यशराज फिल्म्स की रब ने बना दी जोड़ी के लिए स्क्रीन टेस्ट दिया, तब भी उन्हें अपनी किस्मत पर भरोसा नहीं था। उन्हें लगता था कि यहां भी उन्हें रिजेक्शन ही मिलेगा, जैसी कि पिछली बार हुआ था। खुद अनुष्का ने इस बात का खुलासा किया था कि रब ने बना दी जोड़ी के ऑडिशन के दौरान वे बिल्कुल भी सीरियस नहीं थीं और बिना किसी तैयारी या मेकअप के, बालों को बिना संवारे ही स्क्रीन टेस्ट देने के लिए पहुंच गई थीं। उन्हें लगा था कि यह भी एक और असफलता ही होगी। कुछ दिनों बाद, आदित्य चोपड़ा की टीम की तरफ से उन्हें फोन आया कि उन्हें फाइनल ऑडिशन और बातचीत के लिए बुलाया गया है। तब भी अनुष्का को लग रहा था कि अब फाइनल राउंड में पहुंचकर उन्हें बाहर कर दिया जाएगा, लेकिन हुआ उसका बिल्कुल उल्टा। अभिनेत्री को फिल्म के लिए साइन कर लिया गया, और इसके पीछे की वजह थी उनका लगातार रिजेक्शन। दरअसल, आदित्य चोपड़ा एक ऐसे नए चेहरे की तलाश में थे, जिसे स्क्रीन पर पहले कभी ज्यादा न देखा गया हो या जिसका चेहरा दर्शकों के लिए बिल्कुल नया हो। अनुष्का ने खुद बताया कि अगर उन्हें विज्ञापनों में बार-बार रिजेक्शन नहीं मिला होता, तो शायद उन्हें इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित फिल्म में काम करने का मौका नहीं मिलता। इस तरह, उनके करियर की शुरुआत में मिली असफलताओं ने ही उन्हें एक ऐसे मुकाम तक पहुँचाया, जहाँ से उनका फिल्मी सफर चमक उठा। डेविड/ईएमएस 01 मई 2026