खेल
09-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने आईपीएल 2026 में अच्छे प्रदर्षन के लिए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की है। पुजारा ने हालांकि ये भी कहा कि वैभव को केवल टी20 प्रारुप तक सीमित न रहते हुए अवसर मिलने पर टेस्ट क्रिकेट खेलने का भी प्रयास करना चाहिये। पुजारा के अनुसार टेस्ट क्रिकेट में ही किसी खिलाड़ी के खेल कौशल की परीक्षा होती है। इसके अलवा लंबे प्रारुप में खेलकर वह खेल के प्रति सम्मान प्रकट कर सकते हैं। इस सत्र में राजस्थान रॉयल्स की ओर से वैभव अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने 10 पारियों में कुल 404 रन बनाए हैं, जिसके कारण प्रशंसकों और विशेषज्ञों द्वारा उन्हें जल्द से जल्द भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल करने की मांग तेज़ हो गई है। वहीं पुजारा ने कहा कि वैभव टी20 क्रिकेट में असाधारण प्रदर्शन कर रहे हैं और भविष्य में उन्हें भारतीय टीम में जगह मिलने की पूरी संभावना है पर अगर उनमें क्षमता है और उसे सही मौका मिलता है, तो उसे निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलने का लक्ष्य रखना चाहिए। पुजारा ने ज़ोर देकर कहा कि टेस्ट प्रारूप ही खिलाड़ी में धैर्य, अद्वितीय कौशल और खेल के प्रति उस सम्मान को विकसित करता है, जिसकी हर युवा क्रिकेटर को आकांक्षा करनी चाहिए। उनके अनुसार, हर युवा खिलाड़ी के मन में टेस्ट क्रिकेट का ख्याल जरूर होना चाहिए। पुजारा ने हालांकि यह भी कहा कि बेशक टेस्ट क्रिकेट को खेल का सर्वोच्च प्रारूप माना जाता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि सफेद गेंद के विशेषज्ञ खिलाड़ियों में क्षमता नहीं होती। उन्होंने सुझाव दिया कि वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों का उपयोग उनकी क्षमताओं के अनुसार ही किया जाना चाहिए। पुजारा ने इस विचार का भी समर्थन किया कि विभिन्न प्रारूपों के लिए अलग-अलग खिलाड़ी होने चाहिए, क्योंकि हर खिलाड़ी की ताकत और खेल शैली अलग होती है। पुजारा की यह सलाह युवा पीढ़ी के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है कि तात्कालिक सफलता के पीछे भागने के बजाय, खेल के हर पहलू को समझना और उसमें महारत हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। गिरजा/ईएमएस 09मई 2026