मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में केईएम अस्पताल में अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन, नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (एनआईसीयू), सर्जिकल पैथोलॉजी सेमिनार हॉल और फिजियोलॉजी सेमिनार हॉल का उद्घाटन महापौर रितू तावडे के हाथों किया गया। महापौर रितू तावडे ने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के सामने एक गंभीर चुनौती है, लेकिन समय पर जांच, सही निदान और उपचार से इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन उपलब्ध होने से अब महिलाओं को जांच के लिए अन्य अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे नियमित जांच की आदत बढ़ेगी और बीमारी का समय रहते पता चल सकेगा। इस अवसर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरिष भांदिर्गे, नगरसेवक किरण तावडे, नगरसेविका अर्चना शिंदे, उपआयुक्त शरद उघडे, डॉ. शैलेंद्र मोहिते, डॉ. प्रमोद इंगले, डॉ. हरिश पाठक तथा वेहा फाउंडेशन की रुमाना हमीद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इसके अलावा लोकमान्य तिलक महानगरपालिका सर्वसाधारण अस्पताल से संबद्ध धारावी स्थित लोकनेते एकनाथराव गायकवाड नागरी आरोग्य केंद्र में बाल रोग, रक्त विकार, कैंसर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट केंद्र का भी उद्घाटन किया गया। यह केंद्र महानगरपालिका और वेहा फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शुरू किया गया है। यहां छह बेड, डे-केयर कीमोथेरेपी कक्ष और भर्ती मरीजों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। महापौर रितू तावडे ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह केंद्र बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने बताया कि बोन मैरो ट्रांसप्लांट सुविधा उपलब्ध कराने वाला यह महानगरपालिका का पहला अस्पताल है। वहीं, विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर अस्पताल के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए थैलेसीमिया स्क्रीनिंग अभियान की भी शुरुआत की गई। सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष हरिष भांदिर्गे ने कहा कि अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अब समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक भी पहुंचेगा, जो मुंबईकरों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। - ०९ मई/२०२६/ईएमएस