09-May-2026
...


भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच मजबूत हुए संबंध पोर्ट ऑफ स्पैन,(ईएमएस)। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपने आधिकारिक दौरे के अंतिम पड़ाव के दौरान त्रिनिदाद और टोबैगो में उच्च-स्तरीय बैठकों के माध्यम से द्विपक्षीय सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। जमैका और सूरीनाम की सफल यात्रा के बाद पहुंचे जयशंकर ने त्रिनिदाद और टोबैगो में निवेश, तकनीक और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया। शनिवार को पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचने पर विदेश मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर से मुलाकात कर द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले वर्ष के वादे को पूरा करते हुए एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां स्कूली बच्चों को ‘मेड इन इंडिया’ लैपटॉप वितरित किए गए। उन्होंने इस पहल को सीखने, जागरूकता और अवसर का संदेश बताया, जो दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग को दर्शाता है। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के रिश्ते साझा इतिहास, उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष और क्रिकेट के प्रति अटूट प्रेम पर आधारित हैं। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा की, जिनमें पर्यटन को बढ़ावा देना, विदेश मंत्रालय और कैरिकॉम भवन का सोलराइजेशन (सौर ऊर्जाकरण), क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स और आयुर्वेद चेयर की स्थापना शामिल है। ये समझौते न केवल आर्थिक बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में भी रणनीतिक साझेदारी को दर्शाते हैं। दौरे के दौरान एक विशेष आकर्षण क्रिकेट जगत के दिग्गज ब्रायन लारा के साथ विदेश मंत्री की मुलाकात रही। झंडा फहराने की रस्म के दौरान लारा की उपस्थिति ने दोनों देशों के बीच खेल संस्कृति के गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित किया। त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद में हुए स्वागत को जयशंकर ने एक बड़ा सम्मान बताया और द्विपक्षीय सहयोग के लिए वहां के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। यह दौरा कैरिबियन क्षेत्र के साथ भारत के बढ़ते सामरिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में विकास और आपसी विश्वास की नई इबारत लिखेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/09मई 2026