-ट्रंप ने मदर्स डे से पहले कार्यक्रम में शोक संतप्त माताओं का किया सम्मान वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मदर्स डे से पहले व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में शोक संतप्त माताओं को सम्मान दिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने सीमा सुरक्षा, ड्रग नियंत्रण और परिवार-केंद्रित नीतियों पर अपनी सरकार के रिकॉर्ड पर भी प्रकाश डाला। ट्रंप ने एंजल मॉम्स और गोल्ड स्टार मॉम्स को संबोधित किया। उन्होंने उन्हें बेहद खास बताया और उनकी पीड़ा को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि लाखों अमेरिकी परिवारों के लिए रविवार प्यार, आभार और खुशी से भरा होगा। वैसे, मेरी मां बहुत अच्छी थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि वहां मौजूद कई माताएं अपने बच्चों के लिए हर परिस्थिति में खड़ी रहीं, चाहे वह सामान्य जीवन हो या कठिन समय। ट्रंप ने उनके दर्द को अपनी इमिग्रेशन नीति से जोड़ते हुए कहा कि कुछ माताओं ने ओपन बॉर्डर पॉलिसी की वजह से अपने प्रिय बच्चों को खो दिया है। उन्होंने कहा कि इन बेहद बहादुर और साहसी महिलाओं ने भयानक त्रासदी को भी मजबूत संकल्प में बदल दिया है। ट्रंप ने कहा कि हमने अपने देश के इतिहास की सबसे खराब और खतरनाक सीमा स्थिति को तेजी से अमेरिकी इतिहास की सबसे मजबूत सीमा व्यवस्था में बदल दिया है। पिछले 11 महीनों में हमारे यहां गैर-कानूनी प्रवेश लगभग ना के बराबर हुए हैं। उन्होंने सीमा सुरक्षा को ड्रग्स की रोकथाम से भी जोड़ा। ट्रंप ने कहा कि हमारी सीमाओं पर जानलेवा फेंटानिल की तस्करी 59 फीसदी कम हो गई है और समुद्री रास्तों से आने वाली ड्रग्स 97 फीसदी घट गई हैं। जमीनी रास्तों पर रोकथाम की कोशिशें भी और मजबूत होंगी। इस कार्यक्रम में ट्रंप ने मैरी एन मेंडोजा, टैमी नोबल्स और जैकलीन मेडिना समेत कई मांओं का नाम लेकर उनका उल्लेख किया और कहा कि आप जिस दौर से गुजर रही हैं, वह बेहद दुखद है। उन्होंने मरीन कैप्टन जेसी मेल्टन की कहानी याद करते हुए गोल्ड स्टार परिवारों को भी श्रद्धांजलि दी और कहा कि जेसी ने हमारे देश के लिए अपनी जान दे दी। आपके महान बेटों जैसे लोगों की वजह से ही अमेरिका आज एक मजबूत और आजाद देश है। राष्ट्रपति ने अफगानिस्तान में एबी गेट हमले को लेकर पिछली सरकार की आलोचना करते हुए इसे बेहद बड़ी विफलता बताया। ट्रंप ने परिवारों के लिए बनाई गई कानूनी और नीतिगत पहलों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी टैक्स कटौती लागू की और चाइल्ड टैक्स क्रेडिट को 2200 डॉलर तक बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर अमेरिकी नवजात बच्चे के लिए निवेश के उद्देश्य से अपने आप 1,000 डॉलर दे रही है। ट्रंप ने कहा कि हमने फेवर्ड नेशन्स नीति के जरिए दवाओं की कीमतें कम कर दी हैं। हमने उन्हें 50, 60 और 70 फीसदी तक घटाया है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में अब दुनिया की सबसे कम दवा कीमतें हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की माताएं हमारे देश का भविष्य बना रही हैं। मैं बस आप सभी को मदर्स डे की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मदर्स डे अमेरिका में मई के दूसरे रविवार को मनाया जाता है। इस अवसर को परिवारों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर मनाया जाता है और माताओं को सम्मान दिया जाता है। व्हाइट हाउस पारंपरिक रूप से इस मौके का इस्तेमाल उन माताओं को सम्मानित करने के लिए करता है, जिन्होंने सैन्य सेवाओं या हिंसक घटनाओं में अपने बच्चों को खो दिया है। सिराज/ईएमएस 09मई26