अंतर्राष्ट्रीय
09-May-2026
...


उत्तर कोरिया नेता ने हथियार फैक्ट्री का किया दौरा, बेटी भी थी साथ प्योगयांग,(ईएमएस)। कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। उत्तर कोरिया ने संकेत दिया है कि वह इस साल अपनी सैन्य ताकत को और बढ़ाने जा रहा है। उत्तर कोरिया ने घोषणा की कि वह लंबी दूरी की नई तोप प्रणालियां तैनात करेगा, जो सीधे दक्षिण कोरिया की राजधानी को निशाना बना सकती है। इसके साथ ही उसने आने वाले हफ्तों में अपना पहला नेवी डिस्ट्रॉयर जहाज सेवा में शामिल करने की भी बात कही है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आई है जब 6 मई को दक्षिण कोरिया ने दावा किया था कि उत्तर कोरिया ने अपने संविधान से कोरियाई एकीकरण से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए हैं। इस कदम को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह दक्षिण कोरिया के साथ संबंध खत्म कर दो अलग-अलग राष्ट्रों की व्यवस्था को मजबूत करना चाहते हैं। पहले दोनों देश यह मानते थे कि वह एक हैं, बस दो अलग-अलग हिस्से हैं, लेकिन किम अपने कदम से कहना चाहते हैं कि तुम हमारी जमीन न छुओ हम तुम्हारी जमीन नहीं छुएंगे और हम आपस में दुश्मन हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किम जोंग उन ने बुधवार को एक हथियार फैक्ट्री का दौरा किया था। यहां उन्होंने 155 मिलीमीटर की ऑटोमैटिक तोप-होवित्जर के उत्पादन का निरीक्षण किया। रिपोर्ट के मुताबिक इन तोपों को इसी साल दक्षिणी सीमा के पास तैनात किया जाएगा, जिससे दक्षिण कोरिया पर सीधा सैन्य दबाव बढ़ सकता है। किम ने कहा कि इन नई तोपों की मारक क्षमता 60 किलोमीटर से ज्यादा है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की बढ़ी हुई मारक क्षमता और तकनीकी सुधार से उत्तर कोरिया की जमीनी सैन्य ताकत को बड़ा फायदा मिलेगा और उसके ऑपरेशन और ज्यादा प्रभावी होंगे। किम ने यह भी संकेत दिया कि सिर्फ तोपें ही नहीं, बल्कि अलग-अलग तरह की मिसाइल प्रणालियां और शक्तिशाली मल्टी-रॉकेट लॉन्च सिस्टम भी सीमा पर तैनात किए जाएंगे। किम ने गुरुवार को देश के पश्चिमी तट के पास एक नए विध्वंसक पोत ‘चो ह्योन’ पर सवार होकर उसकी संचालन क्षमता की समीक्षा की। इस पोत के सभी परीक्षण सफल रहे हैं और किम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इसे जून के मध्य तक नौसेना को सौंप दिया जाए। इस दौरान सामने आई तस्वीरों में किम की बेटी भी उनके साथ नजर आईं। वह पोत पर अपने पिता के साथ मौजूद थीं और नौसेना के कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान भी दिखाई दीं। एक तस्वीर में दोनों चालक दल के साथ भोजन करते नजर आए। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी पहले ही संकेत दे चुकी है कि किम की बेटी को भविष्य में उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा सकता है। सिराज/ईएमएस 09मई26