09-May-2026
...


- पुलिस ने ऑन-द-स्पॉट किया निराकरण - पारिवारिक विवादों में कराई गई काउंसिलिंग, कई पक्षों में हुआ समझौता - लंबित शिकायतों के आवेदकों को भी बुलाया गया, थानों के चक्कर से मिली राहत बिलासपुर (ईएमएस)। आम जनता को त्वरित न्याय और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से गुरुवार को बिलासगुड़ी चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और एक ही दिन में 60 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, सीएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड, लेन-देन में धोखाधड़ी और लंबित शिकायतों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। समझौता योग्य मामले व पारिवारिक विवाद के मामले में पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बातें सुनीं और कई मामलों में तत्काल समझौता कराया गया। शिविर में एएसपी मधुलिका सिंह, एएसपी पंकज पटेल, एएसपी रश्मित कौर चावला, सीएसपी निमितेश सिंह, सीएसपी गगन कुमार सहित जिलेभर के एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। - परिवारिक विवादों में समझाइश से बनी सहमति शिविर के दौरान कई ऐसे घरेलू और पारिवारिक मामले सामने आए, जिनमें लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसिलिंग कराई और आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया। कई मामलों में दोनों पक्षों ने राजीनामा करते हुए अपनी शिकायतें वापस ले लीं। माहौल ऐसा रहा कि लोग शांतिपूर्वक बैठकर आपसी विवाद सुलझाते नजर आए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कई मामलों में केवल संवाद की कमी के कारण विवाद बढ़ रहे थे। शिविर में बातचीत और समझाइश के बाद लोगों ने राहत महसूस की। - गंभीर मामलों में एफआईआर के निर्देश कुछ मामलों में शिकायतों को गंभीर पाते हुए एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कई मामलों में उसी दौरान प्रारंभिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। लंबित शिकायतों के आवेदकों को भी विशेष रूप से बुलाया गया था, ताकि महीनों से अटके मामलों का मौके पर समाधान किया जा सके। - साइबर फ्रॉड और जमीन विवाद के मामले ज्यादा शिविर में पहुंचे अधिकांश मामलों में जमीन संबंधी विवाद, ऑनलाइन ठगी, लेन-देन में धोखाधड़ी और पारिवारिक कलह प्रमुख रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी बताए और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। - क्यूआर कोड में दे सकते हैं अपना अनुभव इस दौरान एसएसपी ने बताया कि लोग अब क्यूआर कोड और ऑनलाइन माध्यम से भी अपने अनुभव, सुझाव और शिकायतें साझा कर सकते हैं। इससे शिकायतों के त्वरित निराकरण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि शिकायत निवारण शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और छोटी-छोटी समस्याओं को समय रहते सुलझाना है। प्रतिदिन एसपी कार्यालय, थानों और अन्य कार्यालयों में बड़ी संख्या में शिकायतें पहुंच रही थीं, जिसे देखते हुए इस तरह के शिविर की शुरुआत की गई। कई मामलों में केवल बातचीत और समझाइश से समाधान संभव है, जबकि गंभीर मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। आगे भी लगातार ऐसे जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। - 09 मई 2026