- 11 मई सीनियर क्लब सीएसपीजीसीएल कोरबा-पूर्व में होगा आयोजित - सभी आयु वर्ग के लोग ले सकेंगे इसमें भाग कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में सीनियर क्लब, सीएसपीजीसीएल कोरबा-पूर्व के द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सात दिवसीय निःशुल्क योग-ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 मई 2026 से 17 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7:30 बजे तक सीनियर क्लब परिसर में आयोजित होगा। शिविर का संचालन गुरुकुल योग एवं एक्यूप्रेशर संस्थान, कोरबा के योगाचार्य डॉ. डी.के. आनंद द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार शिविर में महिला, पुरुष एवं बच्चे सहित सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे। शिविर पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में योग एवं ध्यान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाना है। डॉ. डी.के. आनंद ने बताया कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, अनियमित खानपान एवं विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत आवश्यक हो गया है। नियमित योग एवं ध्यान से मानसिक तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा एवं अनिद्रा जैसी समस्याओं में लाभ मिलता है। साथ ही ध्यान के अभ्यास से मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सूक्ष्म व्यायाम, प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धति एवं दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। योगाचार्य डॉ. डी.के. आनंद द्वारा सरल एवं प्रभावी योग क्रियाओं का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है। - 09 मई