- लालपुरा गौ उपचार केंद्र में लगा आधुनिक फॉगर सिस्टम शाजापुर (ईएमएस)। तपती और झुलसा देने वाली इस भीषण गर्मी में जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं बेजुबान जानवरों के लिए भी यह मौसम किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। विशेषकर बीमार और घायल गोवंश के लिए यह चिलचिलाती धूप और लू जानलेवा साबित हो सकती है। बेजुबानों की इसी पीड़ा को समझते हुए शाजापुर की गौरक्षा सेना गौसेवा समिति ने इंसानियत और गौसेवा की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। बेजुबान गौमाता और नंदी महाराज को इस प्रचंड गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से, समिति द्वारा लालपुरा स्थित गौ उपचार केंद्र कांजी हाउस में एक विशेष फॉगर सिस्टम (जल फुहार यंत्र) स्थापित करवाया गया है। यह उपचार केंद्र मुख्य रूप से उन गोवंशों का आश्रय स्थल है जो दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं या किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। इस आधुनिक फॉगर सिस्टम के चालू होने से पानी की बारिक और ठंडी फुहारें पूरे परिसर में फैलती हैं, जिससे शेड के नीचे का तापमान काफी हद तक नियंत्रित रहता है। तपती दोपहर में भी इस सिस्टम की मदद से गौशाला का वातावरण ठंडा बना रहेगा। इससे न केवल बीमार गोवंश को लू और गर्मी से होने वाली बेचैनी से बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि अनुकूल तापमान मिलने से उनके घावों के जल्दी भरने और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने में भी मदद मिलेगी। गौरक्षा सेना गौसेवा समिति शाजापुर द्वारा क्षेत्र में निरंतर गौसेवा के उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। समिति का मुख्य संकल्प असहाय, घायल एवं बीमार गोवंश की निस्वार्थ सेवा, सुरक्षा और उन्हें एक सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है। भीषण गर्मी के बीच समिति द्वारा उठाया गया यह सराहनीय कदम शहरवासियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। ईएमएस / 09/05/2026