क्षेत्रीय
09-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। शादी की खुशियों में शामिल होने जा रहे एक परिवार की बाइक अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकरा गई। इस भीषण हादसे में डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी राजू जाटव अपनी पत्नी दीपाली जाटव और डेढ़ साल की बेटी राजन्दी के साथ शुक्रवार रात बाइक से गुना जा रहे थे। यह परिवार वहां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर बालाजी होटल मझानिया जोड़ के पास अचानक एक मवेशी उनकी बाइक के सामने आ गया। रफ्तार में होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर मवेशी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग छिटककर दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में नन्ही राजन्दी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि राजू और दीपाली भी बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने एक निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर तीनों घायलों को तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सिर में लगी गंभीर चोटों के कारण मासूम राजन्दी ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल माता-पिता का अस्पताल में इलाज जारी है। शनिवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया गया। ईएमएस / 09/05/2026