क्षेत्रीय
09-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). समीपस्थ क्षेत्र ग्राम गोंगलई स्थित कन्या छात्रावास परिसर में आयोजित एनसीसी कैम्प में शनिवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना यातायात बालाघाट के उपनिरीक्षक कैलाश उइके, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह राठौर और आरक्षक देवेन्द्र मेश्राम द्वारा लगभग 300 एनसीसी कैडेटों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान कैडेटों को दोपहिया वाहन चलाते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों, यातायात संकेतों की जानकारी, यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगने वाले समन शुल्क, सडक़ दुर्घटनाओं के कारण एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने हेतु आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान उपयोग किए जाने वाले बॉडीवॉर्न कैमरा, पीओएस मशीन एवं ब्रीथ एनालाइजर जैसे उपकरणों की जानकारी भी कैडेटों को दी गई। कार्यक्रम में एनसीसी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल वीके गुप्ता, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन हेमंत कुमार मंडाले, ट्रेनिंग ऑफिसर कैप्टन आरएस कुशराम, लेफ्टिनेंट गजानंद कटरे, कैम्प जेटीओ सूबेदार तारसेम सिंह एवं सीएचएम किरण कुमार उपस्थित थे। भानेश साकुरे / 09 मई 2026